काशीपुर। विधायक त्रिलोक सिंह चीमा शनिवार को शहीद नायक सूबेदार रमेश सिंह रावत के आवास पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वीर शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
विधायक चीमा ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों का साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने कहा कि देश अपने वीर सैनिकों के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। इस दौरान उन्होंने शहीद परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
