ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद, किसानों को ₹50 हजार प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग…..

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के विरोध में रविवार को कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी कर किसानों को उचित मुआवजा देने समेत विभिन्न मांगें उठाईं। इसके बाद एडीएम पंकज उपाध्याय को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित किसानों को तत्काल राहत देने की मांग की।

किसान कांग्रेस उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरमिंदर सिंह ढिल्लों (लाडी) के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि हाल ही में आए आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से ऊधम सिंह नगर जिले में धान समेत अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। फसलें प्रभावित होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और उनकी आजीविका पर भी असर पड़ा है।

50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की मांग

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके। उन्होंने प्रशासन से फसलों को हुए नुकसान का आकलन कराकर किसानों को जल्द राहत उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संकट की इस घड़ी में किसानों को आर्थिक सहायता देना जरूरी है, जिससे वे नुकसान से उबर सकें और आगामी कृषि कार्यों को जारी रख सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *