भव्य शोभायात्रा में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, सजीव झांकियों ने मोहा मन

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी।शुक्रवार को श्री रामलीला संचालन समिति की ओर से रामलीला मैदान से भगवान श्रीराम के चरित्र पर आधारित भव्य शोभायात्रा और डोला निकाला गया। पूजा-अर्चना, आरती और भगवान के स्वरूपों के तिलक के बाद शुरू हुई शोभायात्रा में सजीव झांकियां, ढोल-नगाड़े और विभिन्न धार्मिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया और जगह-जगह प्रसाद वितरित किया।

समिति के रिसीवर एपी बाजपेयी ने बताया कि भगवान श्रीराम की राजगद्दी को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। राजगद्दी पर भगवान के स्वरूपों को विराजमान कराने के बाद व्यास पुष्कर दत्त शास्त्री और समिति के सदस्यों ने तिलक किया। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ नगर में शोभायात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान की सजीव झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इसके साथ ही श्याम बाबा की झांकी, शिव अघोरी नृत्य, काली अखाड़ा, इस्कॉन, गंगा अवतरण, श्रीकृष्ण मयूर नृत्य, जगन्नाथ रथयात्रा, महाकाल भस्म आरती और तिरुपति आरती की प्रस्तुतियों ने धार्मिक वातावरण को और भव्य बना दिया।

मौन झांकियों के साथ पंजाबी और नासिक ढोल की गूंज ने भी लोगों को आकर्षित किया। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। भगवान के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन के लिए मार्ग में लोगों की भीड़ जुटी रही। धार्मिक आस्था, भक्ति और उल्लास से सराबोर इस आयोजन ने नगर में भक्तिमय माहौल बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *