आठ लाख रुपये देने के बाद भी दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप, पति समेत ससुरालियों पर मुकदमा….

ख़बर शेयर करें -

ज्वालापुर (हरिद्वार)। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि शादी में कार खरीदने के लिए आठ लाख रुपये नकद देने के बावजूद ससुराल वाले दहेज से संतुष्ट नहीं थे। विवाहिता ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने, गला दबाने और घर से बाहर निकालने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने महिला हेल्पलाइन में शिकायत देकर बताया कि शादी के बाद से ही पति, सास, ननद, नंदोई और देवर दहेज में दिए गए सामान से खुश नहीं थे। छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद किया जाता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि बेटी के जन्म के बाद भी ससुराल पक्ष के लोगों ने ताने मारने जारी रखे।

विवाहिता ने पति पर शराब के नशे में मारपीट करने और गला दबाकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *