उत्तराखंड पुलिस में भर्ती कराने के नाम पर ऐंठे 40 हजार रुपये, फर्जी आईडी कार्ड और वर्दी बरामद….

ख़बर शेयर करें -

पुलभट्टा। उत्तराखंड के युवाओं को पुलिस में भर्ती कराने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलभट्टा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को राजस्थान पुलिस का दरोगा बताकर युवाओं को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने उसके कब्जे से राजस्थान पुलिस का फर्जी आईडी कार्ड, उत्तराखंड पुलिस का फर्जी एडमिट कार्ड, फर्जी जॉइनिंग लेटर और पुलिस की एक जोड़ी वर्दी बरामद की है।

थानाध्यक्ष उमेश कुमार के अनुसार, 17 अक्तूबर को किशनपुर, नानकमत्ता निवासी आशा देवी ने पुलिस को तहरीर देकर शिकायत की थी कि मोहम्मद जाहिद पुत्र मोहम्मद इस्माइल निवासी शरीफ नगर, थाना देवरनियां, जिला बरेली ने उनकी बेटी तुलसी राणा को पुलिस में भर्ती कराने का झांसा दिया। आरोपी ने खुद को राजस्थान पुलिस में दरोगा बताकर उनसे 40 हजार रुपये ले लिए। इसके बदले में उसने उत्तराखंड पुलिस के फर्जी भर्ती पत्र, ट्रेनिंग लेटर, आईकार्ड और वर्दी दे दी।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वर्तमान में सरौली कला में रह रहा था। उसके पास से बरामद फर्जी दस्तावेजों और वर्दी की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *