हरिद्वार। मुंबई की फिल्म एकेडमी में सिनेमेटोग्राफी का कोर्स करने गई हरिद्वार की युवती ने एकेडमी संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का आरोप है कि संचालक ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया और उसके फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि संचालक की पत्नी ने भी पति का साथ देते हुए युवती को धमकी दी।
युवती की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की है। मामला मुंबई से संबंधित होने के कारण एफआईआर को संबंधित थाना पुलिस को भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, युवती ने तहरीर में बताया कि उसने अप्रैल 2018 में मुंबई स्थित एमडीएफए (मुंबई डिजिटल फिल्म्स एकेडमी) में एक वर्षीय सिनेमेटोग्राफी डिप्लोमा कोर्स में दाखिला लिया था। इसके लिए उसने एकेडमी संचालक संजीव मोहापात्रा और उनकी पत्नी रश्मि रेखा मोहापात्रा को करीब डेढ़ लाख रुपये फीस दी थी।
युवती का आरोप है कि कोर्स के दौरान उसके बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए संजीव मोहापात्रा ने उससे नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दीं। आरोप के मुताबिक, एक दिन शूटिंग के बहाने संचालक उसे अपने साथ ले गया। वहां खाना खाने के बाद वह बेसुध हो गई।
युवती ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया और उसकी फोटो-वीडियो बना ली गईं। बाद में इन्हीं फोटो-वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल और धमकाने का आरोप लगाया गया है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए संबंधित मुंबई पुलिस को भेज दी है।
