कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने पति पर लगाए गंभीर आरोप, कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज…..

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर जालसाजी, जातिगत प्रताड़ना और जान से मारने की साजिश रचने के आरोप लगाए हैं। मंत्री की शिकायत पर कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके पति ने कई दस्तावेजों पर उनके फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें विभिन्न पदों से हटाने की कोशिश की, जबकि उन्होंने किसी भी पद से त्यागपत्र नहीं दिया था।
मंत्री ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके पति पहले से विवाहित थे और उन्होंने यह बात विवाह के समय छिपाई थी। शिकायत के मुताबिक, पहली शादी से उनके बच्चे भी हैं। रेखा आर्य ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2004 में बरेली निवासी गिरधारी लाल साहू से उनका विवाह हुआ था। बाद में पहली शादी की जानकारी मिलने पर वह सामाजिक प्रतिष्ठा और लोकलाज के कारण चुप रहीं। तब तक उनके भी बच्चे हो चुके थे।
शिकायत में रेखा आर्य ने जातिगत प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कहा कि वह अनुसूचित जाति से आती हैं, जबकि उनके पति दूसरी जाति से हैं। उनके मुताबिक, पिछले कुछ समय से पति के व्यवहार में बदलाव आने लगा था। बाद में उन्हें कथित तौर पर अन्य महिलाओं के साथ उनके संबंधों की जानकारी मिली।
मंत्री का आरोप है कि जब उन्होंने इस मामले पर आपत्ति जताई तो उनके पति ने मौखिक और लिखित रूप से माफी मांगी। हालांकि, शिकायत में उन्होंने आगे चलकर एक अन्य महिला के साथ मिलकर उन्हें जान से मारने की साजिश रचने का आरोप भी लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *