पंतनगर। छतरपुर-हल्दी रेलवे ट्रैक पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से एक नर हाथी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, लालकुआं से रुद्रपुर की ओर जा रही बाघ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में हाथी आ गया। हादसा रेलवे ट्रैक के पिलर संख्या 55/8 के समीप तराई केंद्रीय वन प्रभाग की रुद्रपुर रेंज के अंतर्गत हुआ।
ट्रेन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी का एक दांत टूटकर दूर जा गिरा। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने दांत को सुरक्षा की दृष्टि से अपने कब्जे में ले लिया।
औपचारिक प्रक्रिया के बाद वन विभाग को सौंपा जाएगा दांत
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद हाथी का दांत वन विभाग को सौंप दिया जाएगा। घटना के बाद वन्यजीव सुरक्षा और रेलवे ट्रैक पर हाथियों की आवाजाही को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।
इस हादसे में एक वन्यजीव की जान चली गई। ऐसे में रेलवे ट्रैक के आसपास हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी और वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रभावी उपायों की आवश्यकता भी सामने आई है।
