अभिनेत्री उर्मिला सनावर की रिहाई का रास्ता साफ, शुक्रवार को जेल से आएंगी बाहर……..

ख़बर शेयर करें -

अभिनेत्री उर्मिला सनावर को जेल से बाहर आने के लिए अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। तीन अलग-अलग प्राथमिकी में जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। बृहस्पतिवार को उनके अधिवक्ता की ओर से दो मामलों में जमानती न्यायालय में पेश किए गए, जिन्हें कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। वहीं, करीब दो साल पुराने एक अन्य मामले में बी-वारंट के तहत उर्मिला को जेल से न्यायालय में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने इस मामले में भी उन्हें जमानत दे दी। हालांकि, कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने में समय लगने के कारण बृहस्पतिवार को उनकी रिहाई नहीं हो सकी। अब शुक्रवार को जेल से उनकी रिहाई होने की संभावना है।

गौरतलब है कि रानीपुर कोतवाली पुलिस ने 25 अक्टूबर को पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में उर्मिला सनावर को सहारनपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। इस मामले में पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। गिरफ्तारी के दिन ही पुलिस ने उन्हें हरिद्वार न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया था।

इस मामले में दो नवंबर को न्यायालय ने उर्मिला की जमानत मंजूर कर ली थी, लेकिन जमानती उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी रिहाई की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी। बृहस्पतिवार को जमानती न्यायालय में पेश किए जाने और तीसरे मामले में भी जमानत मिलने के बाद अब उनकी जेल से रिहाई का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *