देहरादून। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के फैसले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि इस निर्णय से उत्तराखंड की जनता में निराशा और रोष है। उन्होंने इसे प्रदेश की जनता के मुंह पर तमाचा करार देते हुए घोषणा की कि कांग्रेस इसके विरोध में प्रदेशभर में आंदोलन करेगी।
सैलजा ने कहा कि उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेपर लीक, भूमि माफिया, अवैध खनन और पलायन जैसे गंभीर मुद्दे लगातार बने हुए हैं, लेकिन सरकार इनका समाधान करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता की आवाज उठाती रहेगी।
अंकिता भंडारी मामले में कार्रवाई पर उठाए सवाल
अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए सैलजा ने कहा कि पीड़ित परिवार को पूर्ण न्याय मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने मामले में सबूतों से कथित छेड़छाड़ और एक वीआईपी का नाम सामने आने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठाए।
सैलजा ने आरोप लगाया कि मामले की जांच पूरी हुए बिना दुष्यंत गौतम को क्लीन चिट दिए जाने जैसा संदेश देते हुए उन्हें राज्यपाल बनाया जाना एक बहन और बेटी का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर अपना विरोध जारी रखेगी।
