देहरादून। चकराता विधानसभा सीट से पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे रामशरण नौटियाल ने पार्टी से इस्तीफा देने के बाद बृहस्पतिवार को मीडिया के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने पार्टी छोड़ने की वजह बताते हुए संगठन में अनुशासनहीनता और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाया।
रामशरण नौटियाल ने कहा कि पार्टी के कार्यक्रमों और सार्वजनिक मंचों पर उनका अपमान किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन में ‘वन मैन शो’ की स्थिति बनी हुई है और कई मामलों में संगठनात्मक अनुशासन का पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन्हीं परिस्थितियों के चलते उन्होंने भाजपा से अलग होने का निर्णय लिया।
इस्तीफे को लेकर भी दी सफाई
उनके इस्तीफे को लेकर प्रदेश नेतृत्व की ओर से जानकारी न होने की बात सामने आने के बाद नौटियाल ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि वह स्वयं पार्टी कार्यालय नहीं गए थे, बल्कि अपने स्टेनो के माध्यम से अपना इस्तीफा कार्यालय भेजा था।
नौटियाल के अनुसार, बाद में किसी भी तरह के संशय की स्थिति न रहे, इसके लिए उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को ई-मेल के माध्यम से भी अपना आधिकारिक इस्तीफा भेज दिया। उन्होंने कहा कि उनका इस्तीफा पूरी तरह स्पष्ट और आधिकारिक है।
