बनभूलपुरा में 29 वर्षीय अमन ठाकुर की हत्या, तार से गला घोंटने का आरोप……

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। बनभूलपुरा के जवाहर नगर वार्ड नंबर 14 में बुधवार सुबह 29 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। टीन शेड के कच्चे मकान से अमन ठाकुर का शव बरामद हुआ। परिजनों ने उसके गले में तार से गला घोंटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अमन मूल रूप से हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर का रहने वाला बताया जा रहा है। वह पिछले करीब तीन-चार वर्षों से परवीना के परिवार के साथ रह रहा था। परवीना उसे अपना मुंहबोला बेटा मानती थी।

शराब के नशे में मारपीट का आरोप

परवीना के आरोप के मुताबिक, मंगलवार रात उसका दामाद राजेंद्र उर्फ निक्की शराब के नशे में घर पहुंचा और अमन के साथ मारपीट की। आरोप है कि निक्की ने कशिश के साथ भी मारपीट की और अमन को धमकी देकर वहां से चला गया।

परिवार के लोगों के सो जाने के बाद निक्की के दोबारा घर में घुसने और तार से अमन का गला घोंटने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि निक्की को अमन और उसकी पत्नी कशिश के बीच संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर पहले भी दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, हत्या की वजह और आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

सुबह चादर हटाने पर मिला शव

बताया गया कि बुधवार सुबह करीब सात बजे परवीना ने अमन को काफी देर तक सोया हुआ देखा। संदेह होने पर उसने चादर हटाई तो अमन खून से लथपथ मिला। इसके बाद करीब आठ बजे पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है।

एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल के अनुसार, घटना के समय घर में मौजूद परिवार के लोगों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की सभी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *