देहरादून के रायपुर क्षेत्र में महिला को जबरन कार में बैठाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला को व्यापारिक लेन-देन के विवाद में डराने-धमकाने के लिए पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, कानन कुंज, सहस्रधारा रोड निवासी महिला सुषमा वर्मा ने 23 सितंबर को रायपुर थाने में तहरीर दी थी। महिला ने आरोप लगाया कि 23 सितंबर की सुबह करीब 6 बजकर 50 मिनट पर नाला पानी चौक के पास कुछ लोगों ने उन्हें जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया।
मामले की सूचना मिलने के बाद रायपुर थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में चार अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
