रुड़की। कोतवाली क्षेत्र के गांव शांतरशाह में 14 सितंबर की शाम बाइक मिस्त्री हैप्पी की गोली मारकर हत्या के मामले में मंगलवार को भीम आर्मी जय भीम संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कोतवाली का घेराव किया। घटना के एक सप्ताह बाद भी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी और हत्याकांड का खुलासा नहीं होने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।
बताया गया कि 26 वर्षीय हैप्पी अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने उसे गोली मार दी थी। गोली लगने से हैप्पी की मौत हो गई थी। वारदात के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है, लेकिन अभी तक मामले का खुलासा नहीं हो सका है।
मंगलवार को बड़ी संख्या में भीम आर्मी जय भीम संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अंकुश शेरवाल ने कहा कि दिनदहाड़े हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी पुलिस हत्यारोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले में तेजी से कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
