व्यापारियों के हित में सीएम धामी की कई घोषणाएं, आपदा प्रभावित कारोबारियों को मिलेगी राहत॥

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को व्यापारियों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि व्यापारी राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। रोजगार सृजन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने और देश की आर्थिक शक्ति को मजबूत बनाने में व्यापारियों की अहम भूमिका है। सरकार व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आपदाओं से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार उचित राहत उपलब्ध कराने और राज्य एवं जिला स्तर पर उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन करने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज सभागार में प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के आश्रितों को दुर्घटना बीमा का त्वरित लाभ दिलाने तथा पर्यटन व्यवसाय को प्रोत्साहित करने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया सरल बनाने की घोषणा की।

पर्यटन और व्यापारिक सुविधाओं पर जोर

सीएम धामी ने पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने और पर्यटन बहुल क्षेत्रों के साथ जिला मुख्यालयों में होम स्टे सुविधाओं का विस्तार करने की बात कही। चारधाम यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पार्किंग विकसित करने की भी घोषणा की, ताकि यात्रियों और स्थानीय कारोबारियों को सुविधा मिल सके।

बाजारों में सड़क और नालियों की होगी मरम्मत

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों और अन्य प्रमुख मार्गों से जुड़े बाजारों में सड़कों एवं नालियों का निर्माण और मरम्मत कराने की घोषणा की। इसके साथ ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना और प्रदेश में व्यापार के अनुकूल माहौल तैयार करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इन घोषणाओं के माध्यम से व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के साथ ही कारोबारियों और श्रमिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *