आज जारी होगी उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची, दावे-आपत्तियों और सत्यापन के बाद अंतिम आंकड़ा होगा स्पष्ट….

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज, शनिवार 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम प्रेस वार्ता के माध्यम से एसआईआर की पूरी प्रक्रिया और अंतिम मतदाता सूची से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा करेंगे। निर्वाचन विभाग के अनुसार दावे-आपत्तियों के निस्तारण और आवश्यक सत्यापन के बाद अब अंतिम सूची तैयार कर ली गई है।

उत्तराखंड में एसआईआर की प्रक्रिया 8 जून 2026 से शुरू हुई थी। उस समय प्रदेश की मतदाता सूची में करीब 79 लाख मतदाता दर्ज थे। घर-घर सत्यापन और अन्य प्रक्रियाओं के बाद 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई, जिसमें मतदाताओं की संख्या घटकर 71,33,785 रह गई थी।

एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में दर्ज नामों का विभिन्न स्तरों पर सत्यापन किया गया। इसके साथ ही अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत मतदाताओं से संबंधित मामलों की भी जांच की गई। ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन के बाद मतदाताओं को नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में संशोधन के लिए दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने का अवसर दिया गया।

निर्वाचन विभाग के मुताबिक ड्राफ्ट सूची में शामिल करीब 24.30 लाख मामलों में नोटिस जारी किए गए थे। सितंबर की शुरुआत तक 99 प्रतिशत से अधिक नोटिसों की सुनवाई पूरी हो चुकी थी। वहीं फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से प्राप्त दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया भी जारी रही।

पहले अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को प्रस्तावित था, लेकिन दावे और आपत्तियों के निस्तारण के लिए अतिरिक्त समय दिए जाने के बाद इसकी तारीख बढ़ाकर 3 अक्टूबर 2026 कर दी गई। 28 सितंबर तक दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की गई और इसके बाद आंकड़ों को अंतिम रूप दिया गया।

अब अंतिम सूची जारी होने के साथ ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि एसआईआर के बाद प्रदेश में कुल कितने मतदाता रह गए हैं, कितने नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए और कितने नाम सत्यापन के बाद सूची से बाहर हुए। अंतिम सूची में महिला, पुरुष और अन्य श्रेणी के मतदाताओं के साथ-साथ विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़े भी सामने आने की संभावना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *