देहरादून। उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने कहा है कि शादी से पहले उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि गिरधारी लाल साहू पहले से शादीशुदा हैं। अस्पताल में भर्ती मंत्री रेखा आर्य ने अपने बयान में कहा कि महिला के सम्मान और बच्चों की रक्षा के लिए उन्हें जो करना चाहिए था, उन्होंने वही किया।
मंत्री ने उम्मीद जताई कि पुलिस इस मामले में भी उन्हें न्याय दिलाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस जिस तरह एक सामान्य महिला को न्याय दिलाने के लिए कार्रवाई करती है, उसी तरह उन्हें भी न्याय मिलेगा।
गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की ओर से अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ दर्ज कराई गई प्राथमिकी की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। अब एसआईटी इस मामले की जांच करेगी।
