मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में चटख धूप खिलने से मौसम खुशनुमा हो गया है। साफ आसमान के बीच दूर-दूर तक फैली हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियां चमकती नजर आ रही हैं। अक्तूबर-नवंबर का महीना पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता निहारने के लिए खास माना जाता है। इन दिनों मौसम साफ रहने से पर्यटकों को हिमालय की विहंगम पर्वत शृंखलाओं के दीदार हो रहे हैं।
शहर के विभिन्न पर्यटक स्थलों से बर्फ से ढकी पर्वत चोटियों का मनमोहक दृश्य दिखाई दे रहा है। साफ मौसम में दूर स्थित हिमालय की चोटियां धूप में चमकती नजर आती हैं। पर्यटक दूरबीन की मदद से इन नजारों का आनंद ले रहे हैं और कैमरों में प्राकृतिक सुंदरता को कैद कर रहे हैं।
मसूरी में ठंडी हवाओं और गुनगुनी धूप का अनूठा संगम पर्यटकों को खास अनुभव दे रहा है। सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ जाता है, जबकि दिन में खिलने वाली धूप लोगों को राहत पहुंचा रही है। सुहावने मौसम और हिमालय के आकर्षक दृश्यों के चलते मसूरी की प्राकृतिक छटा देखते ही बन रही है।
