कृषि समाचार। खेतों में कीटनाशकों के अनावश्यक छिड़काव पर रोक लगाने और फसलों को कीटों से बचाने के लिए स्मार्ट मशीन मददगार साबित हो सकती है। यह मशीन कैमरे की मदद से खेतों में मौजूद कीटों की पहचान करने के साथ उनकी संख्या का आकलन करेगी। इसके आधार पर किसानों को मोबाइल ऐप और एसएमएस के जरिए संभावित कीट प्रकोप की जानकारी दी जाएगी, जिससे वे जरूरत के अनुसार ही कीटनाशकों का इस्तेमाल कर सकेंगे।
सोलर ऊर्जा से संचालित इस मशीन में अल्ट्रावायलेट लाइट, फेरोमोन और स्टिकी ट्रैप की मदद से कीटों को आकर्षित कर पकड़ा जाता है। इसके बाद मशीन में लगा हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा कीटों की पहचान करता है और उनकी संख्या का आकलन करता है। एकत्रित आंकड़ों के विश्लेषण के आधार पर संबंधित क्षेत्र में फसलों पर कीटों के संभावित प्रकोप का अलर्ट जारी किया जाता है।
इस तकनीक से किसानों को कीटों की स्थिति पर समय रहते नजर रखने में मदद मिल सकती है। साथ ही, जरूरत के अनुसार कीटनाशकों का इस्तेमाल करने से खेती की लागत कम करने, फसलों की सुरक्षा बढ़ाने और पर्यावरण पर रासायनिक दवाओं के अनावश्यक प्रभाव को घटाने में भी सहायता मिल सकती है।
