व्यापारी से अभद्रता और धमकी के आरोप में मोहम्मद दीपक गिरफ्तार, व्यापार मंडल ने दिया धरना…..

ख़बर शेयर करें -

कोटद्वार। एक व्यापारी से अभद्रता, हाथापाई और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने जिम संचालक दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक को हिरासत में ले लिया। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई की मांग को लेकर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने कोतवाली में धरना दिया। एएसपी के कार्रवाई के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया।

मामला मध्य प्रदेश के उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मस्जिद तोड़े जाने से जुड़े घटनाक्रम पर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो से जुड़ा है। बताया गया कि कोटद्वार के जिम संचालक दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो पर गंगादत्त जोशी मार्ग स्थित राधिका गारमेंट्स के संचालक संजीव टांक उर्फ बबलू ने टिप्पणी की थी।

संजीव टांक का आरोप है कि उनकी टिप्पणी दीपक को नागवार गुजरी। आरोप है कि बृहस्पतिवार सुबह दीपक उनके प्रतिष्ठान पर पहुंचा और उनके साथ अभद्रता व हाथापाई की। व्यापारी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने आसपास के कुछ मुस्लिम व्यापारियों को उनके खिलाफ भड़काने का प्रयास किया और उन्हें धमकी दी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद व्यापार मंडल के पदाधिकारी और अन्य व्यापारी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए धरना दिया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाओं से बाजार का माहौल खराब होने की आशंका है।

मामले में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। एएसपी ने व्यापारियों को मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *