देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर दून पुलिस ने अब सख्त रुख अपनाया है। रविवार सुबह हुए ट्रक हादसे में एक व्यक्ति की मौत और दो लोगों के घायल होने के बाद पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी NHAI को दोबारा लिखित नोटिस भेजा है।
पुलिस ने नोटिस के जरिए हादसों की रोकथाम के लिए अब तक किए गए सुरक्षा उपायों की जानकारी मांगी है। साथ ही, भविष्य में सड़क हादसों को रोकने के लिए क्या कार्ययोजना तैयार की गई है, इसका भी जवाब मांगा गया है।
पुलिस ने NHAI को जवाब देने के लिए तीन दिन का समय दिया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो संबंधित विभाग के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रहे हादसों के बाद पुलिस की ओर से उठाए गए इस कदम से साफ है कि मोहब्बेवाला क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर अब जिम्मेदार विभागों से जवाबदेही तय करने की तैयारी है।
