रुद्रपुर। दशहरा पर्व पर गांधी पार्क में रावण दहन के दौरान उमड़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया है। मंगलवार सुबह सात बजे से शहर में भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वहीं, शाम चार बजे से प्रमुख मार्गों पर भी यातायात रोक दिया जाएगा। फलमंडी से बाटा चौक और अग्रसेन चौक के बीच सभी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। यातायात नियमों का पालन कराने के लिए नौ स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
इन मार्गों से गुजरेंगे भारी वाहन
यातायात व्यवस्था के तहत भारी वाहनों को किच्छा रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग फ्लाईओवर, काशीपुर रोड स्थित एमेनिटी स्कूल फ्लाईओवर, रामपुर बॉर्डर और पार्ले चौक से रिंग रोड होकर अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा। काशीपुर, हरिद्वार, रामपुर, दिल्ली, किच्छा, सितारगंज, हल्द्वानी और नैनीताल की ओर जाने वाले वाहनों को भी निर्धारित डायवर्जन मार्गों से गुजारा जाएगा।
रोडवेज बसों के लिए भी बदला मार्ग
त्रिशूल चौक से डीडी चौक की ओर जाने वाली रोडवेज बसों का संचालन तीनपानी और किच्छा बाईपास के रास्ते किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दशहरा पर्व के दौरान निर्धारित यातायात योजना का पालन करें और जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
