हरिद्वार। हरिद्वार समेत छह जिलों के किसानों के लिए जरूरी खबर है। ऊपरी गंगनहर की वार्षिक बंदी के दौरान नहर में मरम्मत, पुनर्स्थापना और सुदृढ़ीकरण समेत विभिन्न अनुरक्षण कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए उत्तर प्रदेश शासन ने नहरबंदी का आदेश जारी कर दिया है।
शासनादेश के अनुसार, ऊपरी गंगनहर 20 और 21 अक्टूबर 2026 की मध्य रात्रि से बंद होगी और 7 व 8 नवंबर 2026 की मध्य रात्रि तक बंद रहेगी। इस अवधि में नहर में प्रस्तावित मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य पूरे कराए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश शासन के अनु सचिव रमेश चन्द्र की ओर से प्रमुख अभियंता, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग को भेजे गए आदेश में वार्षिक नहरबंदी की अवधि निर्धारित की गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि बंदी के दौरान नहर में प्रस्तावित सभी मरम्मत, पुनर्स्थापना और सुदृढ़ीकरण संबंधी कार्य अनिवार्य रूप से पूरे कराए जाएं।
नहरबंदी की अवधि में सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों के किसानों को अपनी कृषि गतिविधियों और सिंचाई की जरूरतों के अनुसार पहले से तैयारी करने की आवश्यकता होगी।
