मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद दिल्ली का चेन स्नेचर गिरफ्तार, साथी फरार…..

ख़बर शेयर करें -

हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार के खड़खड़ी क्षेत्र में मंगलवार सुबह महिला से चेन लूट की घटना के बाद पुलिस ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया। हिल बाईपास मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया। इस पर दोनों बदमाश भागने लगे।

पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके पर दबोच लिया, जबकि उसका साथी फरार होने में सफल रहा।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी दिल्ली का रहने वाला चेन स्नेचर है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसके कब्जे से लूट की वारदात में इस्तेमाल बाइक और अन्य सामान बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

बताया गया कि दो दिन पहले भी उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में एक महिला से चेन छीनकर दो बदमाश फरार हो गए थे। इसके अलावा हाल ही में कनखल क्षेत्र में भी चेन लूट की घटना सामने आई थी। पुलिस अब इन घटनाओं में गिरफ्तार आरोपी और उसके फरार साथी की भूमिका की जांच कर रही है।

फरार बदमाश की तलाश में पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सघन अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *